हरदोई। जनपद में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्वगणना अभियान 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने जिले के 56 विभागों के लिए विभागवार संशोधित लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इसके तहत जनपद में कुल 25,07,500 स्वगणना का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार स्वगणना कार्य की प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर तत्काल जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराएं। साथ ही प्रत्येक विभाग को प्रतिदिन की स्वगणना का विवरण उपलब्ध कराई गई गूगल शीट पर नियमित रूप से दर्ज करना होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की जिम्मेदारी संबंधित कार्यालयाध्यक्ष की होगी। सभी विभागों को अपने लक्ष्य की प्रगति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही पर होगी जवाबदेही

सीडीओ ने कहा कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता और आपसी समन्वय जरूरी है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

स्वगणना के संबंध में आम लोगों को जागरूक करने और व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को सौंपी गई है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।