लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है और कानून व्यवस्था ध्वस्त है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति खराब है, जबकि किसान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद और बीज तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
‘प्रदेश की सभी समस्याओं की जड़ भाजपा’
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में आम जनता जिन समस्याओं से परेशान है, उनकी जड़ भाजपा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन से मुक्ति मिलेगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है और सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बूथ को मजबूत करने का काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी जिन प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारेगी, सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर उन्हें विजयी बनाना होगा।
एक्सप्रेस-वे और सड़कों को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने प्रदेश में निर्माण कार्यों को लेकर भी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बनवाई गई सड़कें और हाईवे जगह-जगह धंस रहे हैं। उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण जनता के पैसे की बर्बादी हो रही है।
उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कों की हालत खराब है और निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार की पोल लगातार खुल रही है।
‘जल जीवन मिशन लूट का मिशन बन गया’
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग और हर कार्य में लूट चल रही है। कहीं सड़कें टूट रही हैं तो कहीं पानी की टंकियां गिर रही हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए इसे कथित भ्रष्टाचार से जोड़कर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर आया पैसा भी कथित भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। उन्होंने गोरखपुर और प्रयागराज में जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नालों की सफाई नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
‘गड्ढामुक्त सड़क के नाम पर हजारों करोड़ का बंदरबांट’ का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश को गड्ढामुक्त करने के नाम पर हजारों करोड़ रुपये का बजट खर्च किया, लेकिन इसके बावजूद 10 साल बाद भी प्रदेश की सड़कों की स्थिति खराब है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण पूरी व्यवस्था चौपट हो गई है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के जाने के बाद ही भ्रष्टाचार खत्म होगा और प्रदेश की सड़कें बेहतर हो सकेंगी।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
Politics
UP Breaking : अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला, बोले- भ्रष्टाचार चरम पर, 2027 में सपा की सरकार बनाकर जनता को दिलाएंगे कुशासन से मुक्ति


