लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर तैयारी करने का आह्वान किया। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून व्यवस्था ध्वस्त है और शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। उन्होंने कहा कि किसान भी परेशान हैं और उन्हें समय पर खाद और बीज नहीं मिल पा रहा है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की समस्याओं की जड़ भाजपा है और भाजपा ही आम जनता की परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन से मुक्ति मिलेगी।
‘जो प्रत्याशी तय होगा, सभी मिलकर जिताएं’
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर बूथ को मजबूत करें और भाजपा सरकार को हटाने के लिए पूरी ताकत से काम करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी जिस भी प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारेगी, सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर उसे विजयी बनाना है। उन्होंने संगठन की एकजुटता को चुनावी सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सड़कों और एक्सप्रेस-वे के निर्माण पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने प्रदेश में सड़कों और एक्सप्रेस-वे की स्थिति को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में बनी सड़कें और हाईवे जगह-जगह धंस रहे हैं और निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार की पोल लगातार खुल रही है।
उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे और मुरादाबाद रिंग रोड का उल्लेख करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है और भ्रष्टाचार एवं कमीशनखोरी के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई है।
‘भाजपा जाएगी तभी भ्रष्टाचार खत्म होगा’
अखिलेश यादव ने जल जीवन मिशन और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई शहरों में जलभराव की समस्या बनी हुई है और नालों की सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद गड्ढामुक्त सड़क अभियान के नाम पर हजारों करोड़ रुपये का बजट खर्च किया, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश में सड़कों की स्थिति खराब है। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी से पूरी व्यवस्था चौपट हो गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
Politics
‘पार्टी जो भी प्रत्याशी तय करे, मिलकर जिताएं’: अखिलेश यादव ने 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र


