लखीमपुर खीरी। तराई की नदियों में गंगा डॉल्फिन के संरक्षण और उनकी संख्या का वैज्ञानिक आकलन करने के लिए सर्वेक्षण अभियान शुरू हो गया है। भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII), देहरादून की विशेषज्ञ टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों से लैस हाईटेक मोटरबोट के जरिए गेरुआ और कौड़ियाला नदी में डॉल्फिन की गणना शुरू कर दी है।
देशव्यापी नदीय डॉल्फिन गणना एवं आकलन के द्वितीय चक्र के तहत पहले शारदा नदी का सर्वेक्षण पूरा किया गया। इसके बाद 26 नवंबर से डॉ. विनीत सिंह के नेतृत्व में गेरुआ और कौड़ियाला नदी में सर्वेक्षण अभियान शुरू किया गया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दोनों नदी प्रणालियों में राष्ट्रीय जलीय जीव गंगा नदी डॉल्फिन की संख्या और उनके वितरण का वैज्ञानिक आकलन करना है। इसके साथ ही डॉल्फिन के प्राकृतिक आवास, जल की गुणवत्ता, नदी की पारिस्थितिक स्थिति और अन्य जलीय जीवों की जैव विविधता का भी अध्ययन किया जा रहा है।
डॉ. विनीत सिंह के अनुसार डॉल्फिन की निगरानी और सटीक आंकड़े जुटाने के लिए सर्वेक्षण दल आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों और तकनीकों का इस्तेमाल कर रहा है। यह सर्वेक्षण कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित और वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ के सहयोग एवं समन्वय से संचालित किया जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस सर्वेक्षण से गंगा डॉल्फिन के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा और नदी पारिस्थितिकी को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।