प्रतापगढ़। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जेठवारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बकरी चोरी की कई घटनाओं में संलिप्त एक अंतरजनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की रकम में हिस्सेदारी के रूप में मिले 5,200 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बीते 30/31 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि में थाना जेठवारा क्षेत्र के ग्राम ऊदापुर से अज्ञात चोरों द्वारा तीन बकरे और एक बकरी चोरी कर लिए गए थे। इसी दौरान ग्राम चमरूपुर पठान के ग्रामीणों ने सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार चार संदिग्धों को बकरी चोरी के प्रयास के दौरान पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि दीपक गौड़ नामक एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने कार सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी।
इस मामले में थाना जेठवारा में मुकदमा अपराध संख्या 323/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी जेठवारा संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर करन सरोज (28) पुत्र राम आसरे निवासी ऊछापुर, थाना उदयपुर, जनपद प्रतापगढ़ को डेरवा पुलिस चौकी के पास चाय की दुकान से लगभग 200 मीटर आगे पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कई गांवों में बकरी चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभियुक्त ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर जेठवारा थाना क्षेत्र के भीखमपुर, ऊदापुर, सराय भीमसेन जहानपुर और चमरूपुर पठान सहित लीलापुर थाना क्षेत्र के बलीपुर परसन गांव से बकरियां चोरी करने की बात बताई। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी किए गए पशुओं को बेचकर आपस में रुपये बांट लिए जाते थे। पुलिस ने उसके कब्जे से हिस्सेदारी के रूप में मिले 5,200 रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
नौ मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त करन सरोज का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध प्रतापगढ़ और रायबरेली जनपद में चोरी, लूट, आयुध अधिनियम और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव और कांस्टेबल शुभम कुमार गौड़ शामिल रहे। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।