बांदा। जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से पेट्रोल चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में चित्रकूट निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तीन प्लास्टिक की पिपियों में भरा करीब 70 लीटर पेट्रोल, एक खाली पिपिया और वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति कार बरामद हुई है।

दो अलग-अलग तारीखों में पेट्रोल चोरी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, कस्बा ओरन निवासी हिमांशु ने 14/15 नवंबर की रात बिसंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ओरन-बिसंडा रोड स्थित एचपीसीएल के मां त्रिलोचनी फिलिंग स्टेशन से 24 सितंबर और 6 नवंबर को अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल पंप की मशीन खुद संचालित कर पेट्रोल चोरी किया था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के खुलासे के लिए गठित टीम ने पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में जुटी रही।

सिंहपुर रोड पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी

रविवार को पुलिस सिंहपुर रोड पर विशाल पुरवा मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सिंहपुर की तरफ से ओरन आ रही एक चारपहिया गाड़ी को रोककर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्यामराज पुत्र शिरोमन निवासी बारामाफी, थाना पहाड़ी, जनपद चित्रकूट बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पेट्रोल पंप की मशीन संचालित करने की जानकारी होने का फायदा उठाकर दो बार पेट्रोल चोरी करने की बात स्वीकार की।

तीन पिपियों में मिला करीब 70 लीटर पेट्रोल

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से तीन प्लास्टिक की पिपियों में भरा करीब 70 लीटर पेट्रोल, एक खाली सफेद पिपिया और घटना में इस्तेमाल की गई मारुति कार बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 497/26, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।

इन पुलिसकर्मियों ने किया खुलासा

पेट्रोल चोरी की घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में बिसंडा थानाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश तिवारी, ओरन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बुद्धिसागर, कांस्टेबल सौरभ शास्त्री और कांस्टेबल आदर्श सिंह शामिल रहे।