प्रतापगढ़। थाना जेठवारा क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने से नाबालिग बालक की मौत के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान असफाक अहमद (58 वर्ष) पुत्र महबूब अली, निवासी चमरूपुर पठान, थाना जेठवारा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में वादी ने आरोप लगाया था कि 18 अक्टूबर 2026 को विपक्षीगणों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत उनके दो नाबालिग पुत्रों को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ (जमालगोटा) मिलाकर पिला दिया था। इससे छोटे पुत्र की मृत्यु हो गई, जबकि बड़ा पुत्र गंभीर रूप से बीमार हो गया। आरोप है कि इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने, डराने-धमकाने और सामाजिक दबाव बनाने के चलते उस समय पुलिस को सूचना नहीं दी जा सकी। बाद में दोबारा धमकी मिलने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

तहरीर के आधार पर थाना जेठवारा में मुकदमा अपराध संख्या 336/26, धारा 105/61(2)/351(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी सदर श्री मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जेठवारा श्री संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक एसानुलहक ने हमराही पुलिसकर्मियों के साथ थाना क्षेत्र के हारी का पुरवा नहर पुलिया के पास से अभियुक्त असफाक अहमद को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक एसानुलहक, हेड कांस्टेबल शोभनाथ राम और कांस्टेबल सूरज कुमार शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।