गोंडा। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा अशोक कुमार ने तहसील मनकापुर में जनसुनवाई की। उन्होंने विभिन्न शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मिलकर करें शिकायतों का समाधान

जनसुनवाई के दौरान डीआईजी अशोक कुमार ने कहा कि कई मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें आपस में संबंधित होती हैं। ऐसे मामलों का प्रभावी समाधान दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही संभव है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

भूमि विवाद और जनहित के मामलों पर विशेष जोर

डीआईजी ने राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों के साथ-साथ अन्य जनहित से संबंधित शिकायतों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय मामले की तथ्यात्मक जांच की जाए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी ध्यान में रखा जाए।

‘निस्तारण की गुणवत्ता पर दें विशेष ध्यान’

डीआईजी अशोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Source: Media Cell, देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा