लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि छोटी घटनाओं को गंभीर रूप लेने से पहले ही प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले लोग छोटी घटनाओं को बड़ा रूप देने की कोशिश करते हैं। ऐसे में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक हर छोटी घटना पर स्वयं नजर रखें और जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित की बात सुनें।
मुख्यमंत्री सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
शिकायतें ज्यादा मिलने पर जताई नाराजगी
जनता दर्शन में पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों की संख्या अधिक होने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का शीघ्र और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि किसी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
DM-SP खुद मौके पर पहुंचकर करें सुनवाई
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर वे खुद मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की सुनवाई करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की निगरानी करें।
यदि अधीनस्थ स्तर पर लापरवाही या शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
भूमाफिया और दबंगों पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
मरीजों के उपचार को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों से अस्पतालों में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार करीब साढ़े नौ वर्षों से बिना भेदभाव लोगों की समस्याओं का समाधान कराने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
जनता दर्शन में बच्चे से भी मिले CM
जनता दर्शन के दौरान एक बच्चा अपनी मां के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा। योगी आदित्यनाथ ने बच्चे से उसकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बच्चे को चॉकलेट दी और उसे मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।


