Gonda/Ayodhya News: कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के कथित मछली भोज को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने इस आयोजन को धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बताते हुए कहा कि अयोध्या जैसे धार्मिक और आस्था के केंद्र में इस तरह का आयोजन उचित नहीं है।
नवाबगंज के विष्णोहरपुर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान करण भूषण सिंह ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादा का सभी को ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी को मछली का भोज करना ही था तो इसे अयोध्या से बाहर भी आयोजित किया जा सकता था।
‘अयोध्या में जाकर ऐसा करना गलत’
करण भूषण सिंह ने कहा कि अयोध्या केवल एक शहर नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यहां ऐसा कोई आयोजन करना, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हों, उचित नहीं माना जा सकता।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भोज करना ही था तो उसे अयोध्या से बाहर भी किया जा सकता था। भाजपा सांसद ने इस पूरे मामले को धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बताते हुए कांग्रेस की राजनीतिक सोच पर भी सवाल खड़े किए।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
करण भूषण सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी राजनीतिक तंज कसा। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के पास राहुल गांधी के ‘बैटमैन’ वाले पोस्टर को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश ही नहीं, विदेशों में भी लोग अच्छी तरह जानते हैं।
भाजपा सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की सभी चालें विफल होंगी, चाहे वह ‘बैटमैन बनें या स्पाइडर-मैन।’
भाजपा-कांग्रेस के बीच बढ़ सकती है बयानबाजी
करण भूषण सिंह के इस बयान के बाद अयोध्या में कथित मछली भोज को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। अयोध्या की धार्मिक पहचान और राजनीतिक मुद्दों को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच पहले भी तीखी बयानबाजी देखने को मिलती रही है।
अब देखना होगा कि करण भूषण सिंह के आरोपों पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय या पार्टी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।


