Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में जापानी कंपनियों के निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन्वेस्ट यूपी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और जापान के बीच लगातार संवाद बढ़ाने के साथ प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में जापानी निवेश, जापानी सिटी, स्किल डेवलपमेंट, रोजगार, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने YEIDA के अंतर्गत प्रस्तावित जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि प्रस्तावित 500 एकड़ भूमि में से 350 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने शेष प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।
जापान में होने वाले आयोजनों में भेजा जाएगा यूपी का प्रतिनिधिमंडल
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जापान में सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर में होने वाले विभिन्न वैश्विक आयोजनों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल भेजा जाए।
इस प्रतिनिधिमंडल में मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योगपति और संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निवेश एवं व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करना है।
जापानी भाषा और स्किल डेवलपमेंट पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी भाषा के प्रशिक्षण और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं के लिए जापान में रोजगार की संभावनाओं को और मजबूत किया जाना चाहिए।
उन्होंने यामानाशी प्रांत सहित जापान के विभिन्न क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को आवश्यक कौशल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जापानी पर्यटकों के लिए विकसित होगा बौद्ध पर्यटन रूट
बैठक में जापानी पर्यटकों को उत्तर प्रदेश के बौद्ध स्थलों से जोड़ने पर भी विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बौद्ध स्थलों पर पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ऐसा बौद्ध पर्यटन रूट तैयार करने पर जोर दिया, जिसके माध्यम से पर्यटक एक साथ सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती और कपिलवस्तु समेत अधिक से अधिक बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर सकें।
मुख्यमंत्री ने बौद्ध सर्किट में पर्यटन गतिविधियों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने और पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए।
सारनाथ और जापान के नारा के बीच सांस्कृतिक संबंधों पर जोर
मुख्यमंत्री ने आगामी ट्रेड शो में जापानी विशेषज्ञों के साथ विशेष सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं और उद्यमियों को जापानी विशेषज्ञों के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ दिलाना है।
उन्होंने यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल सारनाथ और जापान के नारा को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
यूपी और यामानाशी के बीच पर्यटन सहयोग बढ़ाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और यामानाशी प्रांत के बीच द्विपक्षीय पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। इसके लिए दोनों क्षेत्रों के टूर ऑपरेटरों के बीच समन्वय और सहयोग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
सरकार का फोकस जापान से निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ पर्यटन, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से उत्तर प्रदेश-जापान संबंधों को और मजबूत करने पर है। बैठक में अधिकारियों को इन सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।


