Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पिछली सपा-बसपा सरकारों पर किसानों की अनदेखी और चीनी मिलों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच प्रदेश में 29 चीनी मिलें बंद की गईं और 21 मिलों को औने-पौने दाम पर बेच दिया गया।
तीन करोड़ में बेची गई थी चीनी मिल: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर मंडल की एक चीनी मिल को महज तीन करोड़ रुपये में बेच दिया गया था, जबकि उसका स्क्रैप ही करीब 10 करोड़ रुपये में बिक सकता था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में चीनी मिलें बंद होती थीं, जबकि वर्तमान सरकार के समय प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं।
पहले सरकारों के एजेंडे में किसान नहीं था
नवचयनित प्राविधिक सहायकों और मंडी सचिवों को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले किसान सरकार की प्राथमिकता में नहीं था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं को पूरा किया है।
मुख्यमंत्री ने बाणसागर और अर्जुन सहायक परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित सरयू राष्ट्रीय नहर परियोजना को भी उनकी सरकार ने वर्ष 2021 में पूरा कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल के करीब 3,000 करोड़ रुपये के बिजली बिल भी सरकार ने माफ किए।
कृषि विकास दर 8 से बढ़कर 18 प्रतिशत हुई
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की कृषि विकास दर को 8 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसे 30 प्रतिशत तक ले जाने की क्षमता उत्तर प्रदेश में है।
मुख्यमंत्री ने किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और मानव-वन्यजीव संघर्ष से होने वाले नुकसान के लिए सरकार की सहायता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सर्पदंश और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी घटनाओं में किसान, बटाईदार और उनके परिवार को 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
नवचयनित युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) और मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों 24 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नवनियुक्त युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता की सराहना की। अभ्यर्थियों ने कहा कि परिणाम आने के करीब दो महीने के भीतर नियुक्ति पत्र मिलना सरकार की कार्यप्रणाली और भर्ती प्रक्रिया में तेजी को दर्शाता है।
कर्तव्य को ईमानदारी से निभाने की दी सीख
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्य को पूरी निष्ठा से निभाना ही 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को मजबूत करता है।
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा
मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत प्रदेश में 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि तक सभी उम्र की महिलाओं को सहयात्री सहित रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से विशेष बसों की व्यवस्था की गई है।


