Lucknow News : समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में मंगलवार को सामाजिक न्याय के पुरोधा एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री बी.पी. मंडल की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बी.पी. मंडल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को याद किया।
2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण
कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के लिए खतरा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए (पीड़ित, दुःखी और अपमानित) लोगों का हक छीन रही है। जनता भाजपा की कथित नीतियों और कार्यप्रणाली को समझ चुकी है।
महंगाई और मुनाफाखोरी पर भाजपा को घेरा
अखिलेश यादव ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि त्योहार आने वाले हैं और चीनी, तेल सहित खाने-पीने की तमाम चीजों के दाम बढ़ गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कालाबाजारी और मुनाफाखोरी के जरिए गरीब और मध्यम वर्ग को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।
कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में अन्याय और अत्याचार चरम पर है और लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।
2027 में सपा सरकार बनाने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा की चालबाजी समझ चुकी है और इस बार भाजपा की कोई चालाकी नहीं चलेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का फैसला जनता कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में सभी के साथ न्याय होगा। सभी को हक और सम्मान मिलेगा तथा सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी।
महिला आरक्षण कानून लागू करने की मांग
लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक संसद से पारित होकर कानून बन चुका है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून लागू होना चाहिए।
उन्होंने सवाल किया कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए नए परिसीमन की क्या जरूरत है?
बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व सांसद आलोक तिवारी, पूर्व सांसद इं. यशवीर सिंह, विधायक प्रदीप यादव, राम खिलाड़ी यादव, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव, पार्षद कामरान बेग, समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा, डॉ. इमरान, चौधरी बिरेन्द्र सिंह बालियान प्रधान जी, कुंवर प्रताप सिंह गोरखपुर समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


