गोण्डा। जयप्रभा ग्राम जानकीनगर में आगामी 17 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाली नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को एक होटल में श्री श्यामगंज ट्रस्ट की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजन की रूपरेखा साझा की गई। इस दौरान ट्रस्ट के मुखिया श्री आलोक दास जी महाराज ने पत्रकारों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रसिद्ध कथावाचक राजन जी महाराज के मुखारविंद से श्रीराम कथा की अमृतधारा प्रवाहित होगी। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के दिव्य चरित्र, आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।

आयोजन को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए देश के प्रतिष्ठित अखाड़ों के साधु-संतों, महात्माओं एवं धर्माचार्यों को आमंत्रित किया गया है। देश के विभिन्न प्रांतों से संत-महात्माओं का आगमन होगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना से आलोकित होगा।
आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कथा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम की पावन कथा का रसपान करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साहवर्धन के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन कराया जाएगा। छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उनके मनोरंजन एवं उत्साहवर्धन के लिए विशेष गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

प्रेसवार्ता के दौरान श्री आलोक दास जी महाराज ने पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें वस्त्र एवं मिठाई भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने पत्रकार बंधुओं से श्रीराम कथा में पहुंचकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने तथा प्रभु श्रीराम की अमृतमयी कथा का जन-जन तक प्रसार करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मर्यादा, त्याग, करुणा, सेवा, समर्पण और लोकमंगल की सनातन परंपरा का जीवंत संदेश है। आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति की आध्यात्मिक चेतना एवं भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है।
अंत में आयोजकों ने क्षेत्रवासियों, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से 17 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस भव्य श्रीराम कथा में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।