बांदा: बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम घूरी में शराब पीने के दौरान हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दो युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की और जलती हुई लकड़ी उसके गुप्तांग में लगा दी, जिससे वह झुलस गया। पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
ग्राम घूरी निवासी रमेश उर्फ लल्लन पुत्र भगवानदीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह गांव के श्मशान घाट के पास स्थित मंदिर पर बैठा था। वहां दिनेश पुत्र भगवानदीन और बिंदू पुत्र बृजभूषण त्रिपाठी भी मौजूद थे। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दिनेश और बिंदू ने पास में जल रही आग से लकड़ी उठाकर उसके गुप्तांग में लगा दी, जिससे वह झुलस गया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की तथा जान से मारने की धमकी दी।
अगले दिन घर पहुंचकर भी दी धमकी
रमेश उर्फ लल्लन ने तहरीर में आरोप लगाया कि घटना के अगले दिन 22 नवंबर की रात करीब 11 बजे दोनों आरोपी उसके दरवाजे पर पहुंचे। वहां उन्होंने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित की शिकायत के आधार पर बिसंडा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।