लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश रचने और झूठे प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ कई अन्य दल भी सपा के खिलाफ षड्यंत्र करने में लगे हैं। भाजपा की प्रीपेड पार्टियों से सावधान रहने की जरूरत है। प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से त्रस्त है और आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव चाहती है।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। किसान, नौजवान, व्यापारी और छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग किया है और प्रदेश में अराजकता का माहौल बनाया है।
2027 का चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव में उसी व्यक्ति को टिकट के लिए दावा करना चाहिए, जो जीतने की क्षमता रखता हो। पार्टी का लक्ष्य सरकार बनाकर प्रदेश की बिगड़ी व्यवस्था को सुधारना और उत्तर प्रदेश को फिर विकास तथा रोजगार के रास्ते पर ले जाना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने आरोपों से समाजवादी पार्टी के नेतृत्व और पीडीए को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। भाजपा के षड्यंत्रों के बावजूद उसकी हार तय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सतर्क रहने और चुनाव के दौरान पीडीए प्रहरियों को मुस्तैद रखने की अपील की।
वोटर लिस्ट और चुनाव आयोग को लेकर उठाए सवाल

सपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची को लेकर भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर नगर निकायों और पंचायतों के मतदाताओं का मतदाता सूची से मिलान कराया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से अपनी निष्पक्षता साबित करने की बात कही।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के उस कथित बयान का भी जिक्र किया, जिसमें एसआईआर के दौरान 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की बात कही गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला और क्या चुनाव आयोग मुख्यमंत्री कार्यालय को आंकड़े उपलब्ध करा रहा है?
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि 2027 के चुनाव से पहले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाने के लक्ष्य के साथ काम करें। सभी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में दूसरे राज्यों से लोगों को बुलाने की तैयारी कर सकती है।
कार्यकर्ताओं को दी नसीहत, उकसावे की राजनीति से दूर रहने को कहा
अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाए रखने तथा सभी के साथ अच्छा और शिष्ट व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा के उकसावे की राजनीति में नहीं आना है। कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को लेकर जनता के बीच रहें तथा लोगों के सुख-दुख में शामिल हों।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास झूठ बोलने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी, चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र के खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा है।

प्रदूषण पर नियंत्रण और कैलाश मानसरोवर यात्रा का भी किया जिक्र
अखिलेश यादव ने दीपावली के अवसर पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से अच्छाई सीखने, एक-दूसरे का सम्मान करने और किसी का अपमान न करने की अपील की। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के लिए पटाखे नहीं चलाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बुजुर्गों को कैलाश मानसरोवर की यात्रा फिर से कराई जाएगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल में एसआईआर के बाद केंद्रीय बलों की तैनाती को लेकर भी भाजपा पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया और घुसपैठियों के मुद्दे को भाजपा का झूठा मुद्दा बताया।
खुर्जा पॉटरी का कप भेंट किया
इस अवसर पर जीटी रोड खुर्जा, मोहल्ला चौहट्टा आजाद हिन्द पोतरी के हाजी अजीज (शाहिद के पोते) ने अखिलेश यादव को खुर्जा पॉटरी का कप भेंट किया। कप पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चित्र अंकित था। इसके अलावा उन्हें कैंडल स्टैंड भी भेंट किए गए। कैलाश मानसरोवर की यात्रा कर चुके समाजसेवी कार्यकर्ता रोहित उमराव ने भी उनसे मुलाकात कर अपने यात्रा संस्मरण साझा किए।
कार्यक्रम की जानकारी समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।