नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में पेजावर मठ के पूज्य संत परमपूज्य श्री विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामीजी से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। यह मुलाकात स्वामीजी के 39वें पवित्र चातुर्मास्य व्रत के दौरान हुई।

अमित शाह ने इस मुलाकात को अपने लिए सौभाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्हें परमपूज्य स्वामीजी के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला।

‘चातुर्मास्य व्रत त्याग और आत्मजागरण का मार्ग’

अमित शाह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में चातुर्मास्य व्रत का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। यह परंपरा त्याग, संयम, ध्यान और आत्मजागरण जैसे उच्च मूल्यों की ओर प्रेरित करती है।

उन्होंने कहा कि हमारे पूज्य संत और संन्यासी ध्यान, संयम और साधना के माध्यम से त्याग एवं आत्मिक अनुशासन का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

अमित शाह ने स्वामीजी के आध्यात्मिक जीवन की सराहना करते हुए कामना की कि उनका आंतरिक प्रकाश मानवता के मार्ग को निरंतर प्रकाशित करता रहे।